
तेल अवीव । इजराइल ने गाजा पट्टी में एक बार फिर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। इजराइली सेना के ताजा हमलों में गाजा में 400 से ज्यादा आम लोगों की मौत हुई है। इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास के खिलाफ हमले जारी रहेंगे। ये हमले तब हुए हैं, जब गाजा में जनवरी में शुरू हुए युद्धविराम का पहला फेज खत्म हो गया है। युद्धविराम पर दोनों पक्षों की सहमति ना बन पाने के बाद इजराइल गाजा पर बम बरसा रहा है। हालांकि गाजा को नियंत्रित करने वाला फिलिस्तीनी गुट हमास ने इजराइल के हमले और नेतन्याहू की धमकी के बावजूद अपना रुख नहीं बदला है। एक रिपोर्ट के मुताबिक हमास के अपने रुख में कोई नरमी नहीं दिखाई है, वह बंधक और युद्धविराम समझौते के लिए अपनी शर्तों पर अड़ा है। एक अधिकारी ने बताया कि हमास अपना रुख बदलने के मूड में नहीं है। इससे इजराइल का रुख और सख्त हो सकता है। इजराइली पीएम नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री काट्ज और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ गाजा मुद्दे पर बुधवार को तीन घंटे तक बैठक की थी। इस बैठक में हमास और गाजा पर हमले तेज करने का फैसला लिया गया है। इजराइली अधिकारी ने कहा है कि उनके जमीनी बलों की नेटजारिम कॉरिडोर में एंट्री सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में इजराइल का रिएक्शन और ज्यादा कड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि गाजा पट्टी पर पूरी तरह इजराइल का नियंत्रण हो। अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कैबिनेट लड़ाई जारी रखने के पक्ष में हैं।
